स्योहारा: सड़क हादसे में बीएससी छात्रा की मौत से भड़के परिजन, आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से किया इनकार

स्योहारा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के दौरान बीएससी की छात्रा की मौत के बाद सोमवार को परिजनों का आक्रोश सामने आया। छात्रा का शव घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे पीथापुर गांव निवासी अनिल कुमार की 20 वर्षीय बेटी भावना अपनी सहेली प्रीती के साथ धामपुर रोड स्थित एक जनसेवा केंद्र जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में भावना गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गई, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भावना लक्ष्य डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि वह रेलवे में नौकरी के लिए आवेदन करने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र जा रही थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। भावना पढ़ाई पूरी कर सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती थी, ताकि अपने पिता का सहारा बनने के साथ ही अपने दो छोटे भाइयों के भविष्य को संवारने में मदद कर सके।
परिवार को बेटी से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने उनकी खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। भावना की मौत से परिजन सदमे में हैं और परिवार में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। मृतका की मौसेरी बहन का आरोप है कि बाइक सवार ने भावना को पीछे से टक्कर मारी थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले में हल्की धाराएं लगाई गई हैं और हिट एंड रन के संबंध में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर रात जब भावना का शव घर पहुंचा, तो परिजनों ने आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और पुलिस को सूचना दी गई।
.सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार ओंकार सिंह और स्योहारा थाना प्रभारी प्रवेज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नाराज परिजनों से बातचीत की और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मृतका के परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

VISHAL KUMAR SAINI
Designation: REPORTER
Work Area: District Bijnor (Uttar Pradesh)
Mobile: 7248097062
Email: vishalsaini3422@gmail.com
