स्योहारा – जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव हरोली में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद जनपद के कांठ थाना क्षेत्र के पट्टी वाला मोहल्ला निवासी साविया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी नाजिया की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव हरोली निवासी आसिफ पुत्र पीरा के साथ हुई थी।
5 नवंबर को अचानक बिगड़ी तबीयत
शिकायत के मुताबिक, बीती 5 नवंबर को नाजिया ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए नूरपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर स्योहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा
मृतका की मां साविया की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 417/26 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 और 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विवाहिता की मौत को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

VISHAL KUMAR SAINI
Designation: REPORTER
Work Area: District Bijnor (Uttar Pradesh)
Mobile: 7248097062
Email: vishalsaini3422@gmail.com
