शादी का झांसा देकर महिलाओं को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक लाख रुपये में तय किया था युवती का सौदा
पुलिस ने युवती को कराया मुक्त

बिजनौर/उत्तर प्रदेश। बिजनौर जिले की नजीबाबाद पुलिस ने महिलाओं और युवतियों को शादी का झांसा देकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरोह के सदस्य घर से नाराज होकर निकलने वाली महिलाओं और पारिवारिक समस्याओं से परेशान युवतियों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद शादी कराने का भरोसा देकर उनका सौदा दूसरे लोगों से कर मोटी रकम वसूलते थे।
एसपी ग्रामीण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा
सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एसपी ग्रामीण गौतम राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीती 26 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने नजीबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सोनू नाम का युवक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की थी। इसके लिए पुलिस की एक टीम भी गठित की गई थी।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बिछाते थे जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर महिलाओं व युवतियों की तलाश करते थे। खासतौर पर ऐसी महिलाओं को निशाना बनाया जाता था, जो घर से नाराज होकर निकली हों या किसी पारिवारिक परेशानी से गुजर रही हों।
पुलिस के मुताबिक, मुखराम ग्राहकों की तलाश करता था। वहीं, शिवम, उसकी पत्नी सिमरन उर्फ पूनम और ज्योति महिलाओं व युवतियों को अपने जाल में फंसाने का काम करते थे। गिरोह की सदस्य कविता ग्राहकों से बातचीत कर सौदे की रकम तय करती थी।
एक लाख रुपये में तय हुआ युवती का सौदा
पूछताछ में सोनू ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसने एक युवती से फोन पर संपर्क किया था। बाद में शादी का झांसा देकर उसे हरिद्वार बुला लिया गया। वहां मुखराम, शिवम, सिमरन और ज्योति ने युवती को अपने कब्जे में रखा।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को गिरोह की सदस्य कविता ने युवती को एक लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया था। योजना थी कि कविता युवती को अपने साथ ले जाकर किसी दूसरे व्यक्ति को इससे अधिक कीमत पर बेच देगी। तय सौदे की रकम में से एक लाख रुपये सोनू और उसके साथियों को मिलने थे।
हरिद्वार जाने की तैयारी में थे आरोपी, तभी पहुंच गई पुलिस
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी युवती को लेकर हरिद्वार जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवती को उनके कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया।
गिरोह के पुराने मामलों की भी होगी जांच
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी महिलाओं और युवतियों को अपना शिकार बनाया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल नजीबाबाद पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महिलाओं और युवतियों को शादी का झांसा देकर बेचने वाले गिरोह के नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

Ravi Gandhi Sharma
Designation: REPORTER
Work Area: Moradabad Division (Uttar Pradesh)
Mobile: 6395506632
Email: newsindia000017@gmail.com
