पत्रकार नसीम अहमद हत्याकांड की निंदा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पत्रकार नसीम अहमद हत्याकांड की निंदा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
स्योहारा : हापुड़ जिले में दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार मोहम्मद नसीम अहमद की कथित तौर पर पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश के पत्रकार जगत को झकझोर कर रख दिया है।
प्रेस क्लब स्योहारा के अध्यक्ष रियाजुलहक उर्फ प्रिंस जमाल ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। 18 अक्टूबर को पत्रकार नसीम अहमद निवासी कोठी गेट, आवास विकास कॉलोनी, हापुड़ दिवाली के विज्ञापन के सिलसिले में हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के जरोठी रोड स्थित एक आटा मिल पर गए थे। साथ में उनके सहयोगी सलाउद्दीन, मुस्तकीम और दो महिलाएं थीं। सलाउद्दीन के अनुसार विज्ञापन को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद वहां मौजूद सात आठ लोगों ने उन्हें फर्जी पत्रकार बताते हुए लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में नसीम अहमद को गढ़ रोड स्थित सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के दामाद डा.शाहरुख की तहरीर पर हापुड़ देहात थाने में 4 नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष रियाजुलहक प्रिंस ने कहा नसीम अहमद हमारे ही अखबार दैनिक जनवाणी परिवार के साथी थे। विज्ञापन मांगना कोई अपराध नहीं है। विवाद का समाधान बातचीत से निकल सकता था, लेकिन जिस तरह से एक पत्रकार को पीट-पीटकर मार डाला गया, वह बेहद निंदनीय और असहनीय है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो। पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाये। पत्रकार सुरक्षा कानून को उत्तर प्रदेश में सख्ती से लागू किया जाए। इस घटना के बाद बिजनौर, हापुड़, मेरठ मंडल के पत्रकारों में भारी रोष है।


Mukesh kumar
Designation: STATE HEAD
Work Area: Bijnor (Uttar Pradesh)
Mobile: 9690520038
Email: mkmedical37@gmail.com
