धान की आवक से दूसरे दिन भी जाम, दिनभर जूझते रहे वाहन
धान की आवक से दूसरे दिन भी जाम, दिनभर जूझते रहे वाहन
स्कूल वाहनों समेत अन्य वाहन चालकों को हुई परेशानी, यातायात सुचारु कराने में जुटे रहे पुलिसकर्मी
भरथना। कृषि उत्पादन मंडी समिति में धान की आवक बढ़ने से कस्बे के प्रमुख मार्गो पर लगने वाले जाम की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन बिधूना मार्ग पर सुबह से ही धान से लदे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा और स्कूल वाहनों समेत अन्य वाहन चालकों को दिनभर जाम की समस्या से जूझना पड़ा।धान की खरीद और बिक्री के लिए मंडी समिति में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों के पहुंचने से सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।
शनिवार सुबह से ही बिधूना मार्ग पर धान से लदे वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। देखते ही देखते वाहनों की संख्या बढ़ने से मार्ग पर जाम जैसे हालात बन गए। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।जाम की स्थिति के बीच स्कूल वाहनों के फंसने से बच्चों को भी परेशानी हुई।
वहीं, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मार्ग पर वाहनों की लगभग दो किलोमीटर लंबी कतार लगने से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई और वाहन रुक-रुककर आगे बढ़ते रहे।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार प्रयास करते रहे। पुलिसकर्मी धान से लदे वाहनों को एक कतार में खड़ा कराने के साथ ही अन्य वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाने में जुटे रहे। इसके बावजूद वाहनों की लंबी कतारों के चलते जाम की समस्या बनी रही।


Mukesh kumar
Designation: STATE HEAD
Work Area: Bijnor (Uttar Pradesh)
Mobile: 9690520038
Email: mkmedical37@gmail.com
