Advertisement
Advertisement

जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति पर व्यक्त की अप्रसन्नता, कार्यों में सुधार लाने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति पर व्यक्त की अप्रसन्नता, कार्यों में सुधार लाने के दिए निर्देश

जननी सुरक्षा योजना के पात्र लाभार्थियों को नियमित भुगतान सुनिश्चित करें, कुष्ठ एवं वृद्ध आश्रम में स्वास्थ्य शिविर लगाकर कुष्ठ व टीबी मरीजों को वितरित कराएं पोषण पोटली

बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान की अब तक की प्रगति पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में सुधार लाने तथा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान से संबंधित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिसमें अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन किए जाने वाले कार्यों एवं गतिविधियों की रिपोर्ट पोस्ट की जाए, ताकि प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके और आवश्यकतानुसार समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से भुगतान सुनिश्चित किया जाए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कुष्ठ आश्रम एवं वृद्ध आश्रम में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वहां निवास करने वाले लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कुष्ठ रोगियों एवं टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने 108 एंबुलेंस सेवाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने पर जोर देते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय से एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इसलिए इन दोनों क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

सरकार द्वारा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों को मिले तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के साथ पारिवारिक सदस्य जैसा व्यवहार करते हुए संवेदनशीलता और पूर्ण मनोयोग से सेवा करने की अपेक्षा की।

बैठक में अवगत कराया गया कि यूपी हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग में जनपद बिजनौर 13वें स्थान पर रहा है तथा मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं अन्य कर्मचारियों को इसी प्रकार समर्पित भाव से कार्य करने तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान परिवार कल्याण कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण तथा पात्र लाभार्थियों को समय से लाभान्वित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Mukesh kumar

Mukesh kumar

Designation: STATE HEAD

Work Area: Bijnor (Uttar Pradesh)

Mobile: 9690520038

Email: mkmedical37@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

💬 WhatsApp