चंदौसी/जिला संभल – डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर रिटायर्ड दरोगा से 16 लाख ठगे, पुलिस ने 6 लाख वापस कराये

साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को डराकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। चंदौसी निवासी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त दरोगा को साइबर ठगों ने व्हाट्सऐप पर पत्र भेजने के बाद फोन कॉल के जरिए कार्रवाई और शारीरिक नुकसान का भय दिखाया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में करीब 16 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। मामले की शिकायत के बाद संभल साइबर क्राइम पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 6 लाख रुपये पीड़ित को वापस करा दिए।
व्हाट्सऐप पर पत्र भेजकर शुरू किया गया डर का खेल
पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला धोबियान, चंदौसी निवासी सेवानिवृत्त दरोगा नरेंद्र कुमार पुत्र प्रकाश चंद्र को 13/14 अगस्त की रात व्हाट्सऐप के माध्यम से एक पत्र भेजा गया था। इसके बाद साइबर ठगों ने फोन करके उन्हें डिजिटल अरेस्ट किए जाने का भय दिखाया।
ठगों ने कथित तौर पर उन्हें हाउस अरेस्ट करने और शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। लगातार दबाव बनाकर आरोपियों ने पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में करीब 16 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और रकम की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम में से 6 लाख रुपये ग्वालियर निवासी प्रिंस कुमार के बैंक खाते में पहुंचे थे। इस सुराग के आधार पर संभल पुलिस टीम ग्वालियर पहुंची और प्रिंस कुमार से पूछताछ की।
लोन की रकम समझकर इस्तेमाल कर ली थी रकम
पुलिस पूछताछ में प्रिंस कुमार ने बताया कि उसने ‘नेक्स्ट जेन फाइनेंस’ नाम की वेबसाइट के माध्यम से लोन के लिए आवेदन किया था। उसके बैंक खाते में 6 लाख रुपये आने पर उसने इसे लोन की रकम समझ लिया और उसका इस्तेमाल कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रिंस कुमार ने आरटीजीएस के माध्यम से पूरी 6 लाख रुपये की रकम सेवानिवृत्त दरोगा नरेंद्र कुमार के बैंक खाते में वापस करा दी।
बाकी रकम और अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे जिला मुख्यालय बहजोई स्थित कार्यालय में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच अभी जारी है। ठगी की शेष रकम की बरामदगी के साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजेक्शन के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित की रकम वापस कराने की कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक महेश कुमार, सुधीर कुमार भाटी, आरक्षी आकाश पवार और रितेश कुमार की भूमिका रही।

Ravi Gandhi Sharma
Designation: REPORTER
Work Area: Moradabad Division (Uttar Pradesh)
Mobile: 6395506632
Email: newsindia000017@gmail.com
