उत्तम शुगर मिल में पेराई सत्र का हुआ शुभारंभ
उत्तम शुगर मिल में पेराई सत्र का हुआ शुभारंभ
नांगल सोती उत्तम शुगर मिल लिमिटेड बरकतपुर में रविवार को पेराई सत्र 2026-27 का पूजा-अर्चना और हवन अनुष्ठान के बाद मिल में गन्ना पेराई का शुभारंभ हो गया। मिल प्रबंधन ने पहली गन्ना बैलगाड़ी, पहली गन्ना ट्रॉली और क्रय केंद्र पर गन्ना लेकर पहुंचने वाले चालक को तिलक कर सम्मानित किया।
रविवार को मिल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पिछले दो दिनों से चल रहे श्रीगुरुग्रंथ साहिब के पाठ का समापन एमडी राजकुमार अधलखा के सुपुत्र जय अधलखा की उपस्थिति में मुख्य ग्रंथी ज्ञानी प्रवीण सिंह ने कराया।
इसके बाद पंडित राजेंद्र प्रसाद और पंडित कपिल प्रसाद ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और हवन संपन्न कराया। मंत्रोच्चार के बीच गन्ना डालकर पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।
गांव सबलपुर बीतरा निवासी सतपाल सिंह की पहली गन्ना बैलगाड़ी, गांव चमरौला निवासी राजवीर सिंह की पत्नी कुसुम देवी की पहली गन्ना ट्रॉली तथा रानीपुर क्रय केंद्र पर गन्ना लेकर पहुंचे चालक मेनू को तिलक लगाकर, शॉल ओढ़ाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह, महाप्रबंधक वित्त अशोक बंसल, इकाई के संयुक्त अध्यक्ष नरपत सिंह राठौर, आसवनी के उपाध्यक्ष जेपी त्रिपाठी, मुख्य महाप्रबंधक अभियंत्रण अतेंद्र कुमार शर्मा , अनिल शर्मा,अर्जुन कौशिक, चांदवीर सिंह, विनीत शर्मा, संजीव कुमार, अखिलेश गुप्ता, विकास पुण्डीर,नीरज कुमार,अजय कुमार सहित मिल के अधिकारी व कर्मचारी और क्षेत्र के सुधीर पराशर, कुलवीर सिंह, अर्जुन सिंह, यशपाल सिंह, मुकेश कुमार, ब्रह्मपाल सिंह, रामकुमार, ललित कुमार, तूफान सिंह आदि गणमान्य व्यक्ति ,किसान मौजूद रहे।
मिल के संयुक्त अध्यक्ष ने कहा कि प्रबंधन गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर गंभीर है और चालू पेराई सत्र में खरीदे जाने वाले गन्ने का भुगतान समय से करने के लिए पूरी तरह प्रयासरत रहेगा। उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा, जड़, पत्ती और अगोला रहित गन्ना मिल को आपूर्ति करने की अपील की। साथ ही किसानों को गन्ना कोल्हू-क्रेशर पर बेचने के बजाय चीनी मिल को आपूर्ति करने की सलाह दी, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े और उनका बेसिक कोटा भी बना रहे।
उन्होंने किसानों को एफआईआरबी विधि से गेहूं के साथ गन्ने की खेती कर अतिरिक्त लाभ प्राप्त करने की जानकारी दी। इसके लिए किसानों को अपने सुपरवाइजर और फील्ड अधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया। मिल प्रबंधन ने गन्ना किसानों को नई प्रजाति को.15023 और को.118 की बुवाई अधिक से अधिक क्षेत्रफल में करने की सलाह दी।कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया।

Mukesh kumar
Designation: STATE HEAD
Work Area: Bijnor (Uttar Pradesh)
Mobile: 9690520038
Email: mkmedical37@gmail.com
