रामपुर – श्मशान भूमि से मिट्टी उठाने का आरोप, कब्रें क्षतिग्रस्त होने पर भड़का दलित समाज

मसवासी के मोहल्ला भूवरा में श्मशान भूमि से मिट्टी उठाने और इससे कब्रों के क्षतिग्रस्त होने के आरोप को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए दलित समाज के लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
मंगलवार को भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री दीप सिंह राही के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी तहसील परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और उपजिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार रमेश चंद को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि तहसील प्रशासन की ओर से कई वर्ष पहले मसवासी के मोहल्ला भूवरा में दलित एवं हिंदू समाज के मृत बच्चों को दफनाने के लिए भूमि निर्धारित की गई थी। समाज के लोग लंबे समय से इस भूमि का इस्तेमाल श्मशान और कब्रिस्तान के रूप में करते आ रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मुरारी लाल और उसके परिवार के लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से श्मशान भूमि से मिट्टी उठाई, जिससे वहां बनी कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना से समाज के लोगों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, श्मशान भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान मुकेश वाल्मीकि, दिनेश, विजय, नितिन, राकेश, छिद्दन, राजीव, बाबूराम, पप्पू, टिंकू, अनिता, विमला, बल्ली, सुषमा, प्रीति, शोभा, ममता, नीतू, गीता, सुमन और सीमा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नोट: मिट्टी उठाने और कब्रों को क्षति पहुंचाने से संबंधित आरोप प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए हैं। मामले में प्रशासनिक जांच और कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध होने पर खबर को अपडेट किया जा सकता है।

Ravi Gandhi Sharma
Designation: REPORTER
Work Area: Moradabad Division (Uttar Pradesh)
Mobile: 6395506632
Email: newsindia000017@gmail.com
