रामपुर: पत्नी पर साढ़े नौ लाख रुपये हड़पने का आरोप, प्लॉट बेचकर प्रेमी के साथ जाने का दावा

जिले के मिलक क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर धोखाधड़ी कर साढ़े नौ लाख रुपये हड़पने और प्लॉट बेचकर कथित प्रेमी के साथ चले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में मिलक कोतवाली पहुंचकर पत्नी और उसके कथित साथी के खिलाफ शिकायती पत्र देकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाता चिंतामन गांव निवासी देव कुमार रुद्रपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। देव कुमार का आरोप है कि करीब दो साल पहले उसकी पत्नी आशा ने गांव की जमीन बेचकर रुद्रपुर में प्लॉट खरीदने और उस पर मकान बनवाने की बात कही थी। पत्नी के बार-बार आग्रह करने पर उसने गांव की जमीन बेच दी और रुद्रपुर में एक प्लॉट खरीद लिया।
पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी ने कथित तौर पर धोखाधड़ी करते हुए प्लॉट अपने नाम करा लिया। इसके बाद बीती 2 अगस्त को प्लॉट को चोरी-छिपे किसी अज्ञात व्यक्ति के हाथों साढ़े नौ लाख रुपये में बेच दिया गया। देव कुमार के मुताबिक, प्लॉट बेचने के तीन दिन बाद, 5 अगस्त को उसकी पत्नी आशा कथित प्रेमी अनिल के साथ रहने चली गई और अपने साथ प्लॉट की बिक्री से मिले साढ़े नौ लाख रुपये भी ले गई।
देव कुमार का कहना है कि उसने पत्नी को दोबारा साथ रहने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन उसने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया। बाद में उसे प्लॉट बेचे जाने की जानकारी मिली। पीड़ित ने प्लॉट की बिक्री में अनिल की कथित भूमिका होने का भी आरोप लगाया है।
मामले से परेशान देव कुमार ने मिलक कोतवाली पहुंचकर पत्नी आशा और अनिल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई तथा पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, मिलक कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल मामला उनके संज्ञान में नहीं है।

Ravi Gandhi Sharma
Designation: REPORTER
Work Area: Moradabad Division (Uttar Pradesh)
Mobile: 6395506632
Email: newsindia000017@gmail.com
