बिजनौर के चार रक्त केंद्रों पर औषधि विभाग का छापा, कल्चर टेस्टिंग में मिली बड़ी लापरवाही
बिजनौर के चार रक्त केंद्रों पर औषधि विभाग का छापा, कल्चर टेस्टिंग में मिली बड़ी लापरवाही
बिजनौर, 28 अक्टूबर। शासन के निर्देश पर मंगलवार को औषधि विभाग की मंडलीय टीम ने जिले के चार प्रमुख रक्त केंद्रों पर एक साथ छापेमारी की।
जांच में रक्त केंद्रों में कई कमियां सामने आई हैं।औषधि निरीक्षक पीयूष शर्मा ने बताया कि मुरादाबाद मंडल के चार जिलों के औषधि निरीक्षकों ने संयुक्त रूप से जांच की। अमरोहा की औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने बिजनौर स्थित यशवंती चैरिटेबल रक्त केंद्र, संभल के औषधि निरीक्षक जयेंद्र कुमार ने चांदपुर के लाइफ लाइन रक्त केंद्र, मुरादाबाद के उमेश भारती ने स्योहारा धरमंदा चैरिटेबल और बिजनौर के पीयूष शर्मा ने नगीना चैरिटेबल रक्त केंद्र का निरीक्षण किया।
टीम ने पिछले एक साल के रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। इसमें एलाइजा जांच, रक्त भंडारण की गुणवत्ता, ब्लड ट्रांसफर रिकॉर्ड, कंपोनेंट तैयार करने की प्रक्रिया और तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता जैसे बिंदु शामिल रहे।जांच के दौरान सबसे बड़ी कमी कल्चर टेस्टिंग को लेकर मिली। नियमानुसार 100 यूनिट ब्लड में से 1 यूनिट का कल्चर टेस्ट भेजना अनिवार्य है, जो इन केंद्रों पर नहीं कराया जा रहा था। इसके अलावा ब्लड बैग की गुणवत्ता में भी कमी पाई गई।
विभाग ने जांच रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी है। औषधि निरीक्षक पीयूष शर्मा ने बताया कि फिलहाल छोटी-छोटी कमियां मिली हैं, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त माह में भी जिले के तीन रक्त केंद्रों – बिजनौर चैरिटेबल, नजीबाबाद के गुरु नानक देव और धामपुर के आयुष्मान रक्त केंद्र पर रिकॉर्ड में कमी मिलने पर रक्त के लेन-देन पर रोक लगाई गई थी।


Mukesh kumar
Designation: STATE HEAD
Work Area: Bijnor (Uttar Pradesh)
Mobile: 9690520038
Email: mkmedical37@gmail.com
