Advertisement
Advertisement

बिजनौर/उत्तर प्रदेश – शादी समारोह मे सूजा घोंपकर की गयी दूल्हे के भाई की हत्या के मामले मे वांछित आरोपी गिरफ्तार

जनपद बिजनौर में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बख्शीवाला रोड स्थित हीरा बैंक्वेट हॉल के बाहर बारातियों के साथ कहासुनी के बाद हुई मारपीट में अश्वनी की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बर्फ तोड़ने वाला सूआ भी बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मखवाड़ा निवासी अनिक कुमार 20 अक्टूबर को अपने गांव से बारात लेकर बख्शीवाला स्थित हीरा बैंक्वेट हॉल पहुंचे थे। इसी दौरान आदित्य बाथरूम जाने के लिए बाहर निकला। वहां ई-रिक्शा में बैठे कुछ लोग शराब पी रहे थे। किसी बात को लेकर आदित्य और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और विवाद में बदल गई।

विवाद बढ़ने पर अनिक कुमार का भाई अश्वनी और अन्य लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस के मुताबिक, रवि ने अपने साथियों के साथ मिलकर अश्वनी को पकड़ लिया और ई-रिक्शा में रखे बर्फ तोड़ने वाले सूए से उसके चेहरे पर वार कर दिए।

हमले में अश्वनी गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में अनिक कुमार ने 21 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रवि पुत्र हरपाल, निवासी बख्शीवाला, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया सूआ भी बरामद कर लिया है। शहर कोतवाल अवनीत मान के अनुसार, आरोपी का चालान कर दिया गया है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में रवि ने बताया कि वह गांव के हर्ष, पंकज और लवी के साथ बैंक्वेट हॉल के सामने खाली जगह पर ई-रिक्शा में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान बारात में शामिल एक व्यक्ति ई-रिक्शा के पास पेशाब करने लगा, जिसको लेकर कहासुनी शुरू हुई। बाद में विवाद धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया।

आरोपी के मुताबिक, उसका भाई अरुण और गांव का मोनू भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। मारपीट के दौरान उसने सूए से एक व्यक्ति के चेहरे पर वार किया। बाद में बारातियों ने सूआ छीनकर फेंक दिया। आरोपी ने उसे उठाकर झाड़ियों में फेंक दिया और भीड़ का फायदा उठाकर अपने साथियों के साथ वहां से भाग निकला।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद शादी समारोह में हुए इस विवाद ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

VISHAL KUMAR SAINI

VISHAL KUMAR SAINI

Designation: REPORTER

Work Area: District Bijnor (Uttar Pradesh)

Mobile: 7248097062

Email: vishalsaini3422@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

💬 WhatsApp