भोपाल में जनसंवाद का असर: रात ढाई बजे जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 24 जुआरी गिरफ्तार और 10 लाख से अधिक का मशरूका जब्त
भोपाल पुलिस के जनसंवाद अभियान का बड़ा असर देखने को मिला है, जहां एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात करीब ढाई बजे जुए के एक बड़े फड़ पर छापामार कार्रवाई की। एसीपी कोतवाली संतोष पटेल को मिली सूचना के बाद कोतवाली और श्यामला हिल्स थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कायस्थपुरा क्षेत्र में दबिश दी और मौके से 24 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 लाख 30 हजार रुपए नकद, 22 मोबाइल फोन और 6 दोपहिया वाहनों सहित कुल 10 लाख रुपए से अधिक का मशरूका जब्त किया। खास बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में रायसेन जिले का 2,500 रुपए का इनामी बदमाश मोहम्मद फरहान भी शामिल है, जबकि 14 अन्य आरोपी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले हैं। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
