Advertisement
Advertisement

अमरोहा – दहेज की माँग पूरी न होने पर गर्भवती विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति समेत 4 खिलाफ मुकदमा दर्ज

अमरोहा/उत्तर प्रदेश। अमरोहा के बछरायूं में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज में पांच लाख रुपये और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को प्रताड़ित किया। इतना ही नहीं, गर्भवती होने के दौरान उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। मायके में घुसकर विवाहिता और उसके पिता के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, बछरायूं कस्बे के मोहल्ला पेशथाना निवासी शबनम परवीन की शादी 26 नवंबर 2025 को प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के गांव कोटीला पुरवाड़ा निवासी मुस्तकीम के बेटे चांद बाबू के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शबनम का आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक पर्याप्त सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद पति और ससुराल के अन्य लोग संतुष्ट नहीं थे।

आरोप है कि पति चांद बाबू, जेठ गुड्डू, ननद दुलारी बेगम और सास हबीबून निशा शादी के कुछ समय बाद ही दहेज में पांच लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शबनम का कहना है कि उसे भूखा-प्यासा कमरे में बंद रखा जाता था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।

पीड़िता के मुताबिक, गर्भवती होने के बावजूद ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला और उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी। आरोप है कि 11 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की।

शबनम ने आगे आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे उसका पति चांद बाबू मायके पहुंचा और घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता सगीर अहमद को भी आरोपित ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बछरायूं थाना प्रभारी अतवीर चौहान ने बताया कि शबनम परवीन की तहरीर के आधार पर पति चांद बाबू समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ravi Gandhi Sharma

Ravi Gandhi Sharma

Designation: REPORTER

Work Area: Moradabad Division (Uttar Pradesh)

Mobile: 6395506632

Email: newsindia000017@gmail.com

रवि गाँधी शर्मा

मंडल प्रभारी मुरादाबाद, रवि गाँधी शर्मा को पत्रकारिता का 10 वर्षो से अधिक का अनुभव हैं औऱ वर्तमान में BKM Times के मुरादाबाद मंडल प्रभारी के साथ ही News India 17 (Hindi News Portl) के लिए सह सम्पादक के रूप में भी कार्यरत हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

💬 WhatsApp