अमरोहा/उत्तर प्रदेश – जंगल में शौच के लिए गई बीए की छात्रा पर चाकू से हमला, पीठ में वार कर आरोपी फरार

हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर कलां गांव में एक बीए की छात्रा पर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गुरुवार देर रात शौच के लिए जंगल गई छात्रा पर एक अज्ञात युवक ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
पिता को आवाज लगाते ही आरोपी ने किया चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार, शाहपुर कलां निवासी चंद्रभान की बेटी रोशनी गुरुवार 5 नवंबर की रात करीब 10 बजे शौच के लिए जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद लगभग 45 वर्षीय एक अज्ञात युवक ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि उसने शोर मचाया तो वह उसे चाकू मार देगा।
खुद को खतरे में देख रोशनी ने अपने पिता को आवाज लगाई। बेटी की पुकार सुनकर चंद्रभान तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े। इसी बीच आरोपी ने रोशनी की पीठ पर चाकू से वार कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
घटना के बाद परिजन घायल छात्रा को लेकर हसनपुर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सरोहा पुलिस टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पीड़िता व परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, छात्रा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है।

Ravi Gandhi Sharma
Designation: REPORTER
Work Area: Moradabad Division (Uttar Pradesh)
Mobile: 6395506632
Email: newsindia000017@gmail.com
