चांदपुर/जिला बिजनौर – जल जीवन मिशन की टंकी के 70 वर्षीय ऑपरेटर का शव मिलने से सनसनी, बेटे ने जताई हत्या की आशंका

जिला बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित जल जीवन मिशन की पानी की टंकी के परिसर के बाहर 70 वर्षीय ऑपरेटर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकली एक महिला ने शव पड़ा देखा और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शमशेर अली गांव सराय शेख हबीब में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। बताया गया है कि वह रात में टंकी परिसर में ही सोते थे। सुबह परिसर के बाहर उनका शव मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में चर्चा और चिंता का माहौल बन गया।
शमशेर अली के बेटे इदरीस ने अपने पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि पिता को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा गया। इदरीस के मुताबिक, शव के चेहरे पर खून लगा हुआ था और हाथ व सिर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी राहुल सिंह के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, शमशेर अली की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी संबंधित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। शमशेर अली के परिवार में पांच बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

VISHAL KUMAR SAINI
Designation: REPORTER
Work Area: District Bijnor (Uttar Pradesh)
Mobile: 7248097062
Email: vishalsaini3422@gmail.com
