हमीरपुर चंद्रावल नदी हादसा: 18 घंटे बाद SDRF ने एक लापता बच्चे का शव बरामद किया दूसरे बच्चे की तलाश जारी,

हमीरपुर। पठान बाबा मंदिर, डीहा डेरा के पास रविवार शाम चंद्रावल नदी में हुए हादसे में करीब 18 घंटे बाद एसडीआरएफ को बड़ी सफलता मिली। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नदी में लापता एक बच्चे का शव बरामद कर लिया। वहीं दूसरे लापता बच्चे की तलाश अभी जारी है। रविवार अपराह्न करीब चार बजे नदी में स्नान के दौरान पांच बच्चे डूबने लगे थे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद स्थानीय महिला ने साहस दिखाते हुए तीन बच्चों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि अंशू (10) पुत्र जयसिंह तथा अंशिका (10) पुत्री कमलेश, निवासी ग्राम परछछ/पड़ोरी, तेज बहाव में लापता हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस, बाढ़ राहत दल, एसडीआरएफ, पीएसी फ्लड यूनिट और स्थानीय गोताखोरों ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 18 घंटे बाद एसडीआरएफ ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया। दूसरे बच्चे की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार ने बताया कि प्रशासन अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है और उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
